Ad image

भाजपा से सोना और इशिता एवं कांग्रेस से मधु व निर्मला दावेदार

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा- कांग्रेस में लड़ाई

18 निर्दलीय होंगे किंगमेकर


नई टिहरी। (मुकेश रतूड़ी) : जिला पंचायत अध्यक्ष के पद का आरक्षण फाइनल होने के बाद अब भाजपा और कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी पार्टी से अधिकृत होने के लिए बड़े नेताओं से संपर्क साधने में लगे हुए हैं। टिहरी में कांग्रेस के 14 तो भाजपा के 13 अधिकृत जिला पंचायत सदस्य जीतकर आए हैं। वहीं 18 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए हैं। कहीं न कहीं ये निर्दलीय ही गेम चेंजर साबित होंगे।

पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव के लिए रोस्टर के बाद शेड्यूल भी सरकार ने जारी कर दिया है। इसके तहत चार अगस्त तक आपत्तियां, छह अगस्त को आपत्तियों का निराकरण कर शाम को आरक्षण का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अंतिम प्रकाशन के बाद चुनाव की तिथि तय होगी। टिहरी में जिला पंचायत अध्यक्ष का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। भाजपा से निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण और चंबा ब्लॉक के कोट जिला पंचायत वार्ड से रिकॉर्ड मतों से जीतकर आई इशिता सजवाण दावेदार हैं। सोना सजवाण 1996 में पहली बार निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य बनी थी। 2008 में निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य, 2014 में जिला पंचायत सदस्य चुनकर आई और पहली बार जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। 2019 में फिर निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य चुनकर आई दोबारा जिला पंचायत अध्यक्ष बनी। वर्तमान में भिलंगना के अखोड़ी सीट से निर्विरोध जिला पंचायत सदस्य बनकर आई हैं। वे जिला पंचायत प्रशासक भी रही हैं।

वहीं समाजसेवी व उद्योगपति वीरेंद्र सिंह सजवाण की भतीजी इशिता सजवाण यूथ हैं। वह एमबीए के साथ-साथ काउंसलिंग साइकोलॉजी में भी पोस्ट ग्रेजुएट है। सामाजिक क्षेत्र में बीते कई समय से कार्यरत है। उन्होंने कोट जिला पंचायत वार्ड से रिकॉर्ड 4478 मतों से जीत दर्ज की।

वहीं कांग्रेस से नरेंद्रनगर के भैंतण जिला पंचायत वार्ड से जीत कर आईं निवर्तमान बीडीसी मेंबर मधु कंडारी प्रमुख दावेदार है। राजनीतिक परिवार से वह ताल्लुक रखती हैं। उनके ससुर नरेंद्रनगर के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। जबकि परिवार के अन्य लोग भी प्रधान, बीडीसी रह चुके हैं। इसके अलावा पीसीसी सदस्य प्रताप भंडारी की पत्नी निर्मला भंडारी भी दावेदार है। वह मढ़ी चौरास कीर्तिनगर से जीतकर आई हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय में गोर्थी कांडा सीट से सोशल एक्टिविस्ट्स पुष्पा रावत भी स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ सकती हैं।

भाजपा के जिलाध्यक्ष उदय रावत और कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। भाजपा का कहना है कि आरक्षण का अंतिम प्रकाशन होते ही अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया जाएगा। वहीं कांग्रेस जल्द जिले में पर्यवेक्षक भेजकर नेताओं और कार्यकर्ताओं से संभावितों के प्रति राय लेकर निर्णय लेंगे। कुल मिलाकर टिहरी का रण रोचक होने वाला है। यहां भाजपा और कांग्रेस को निर्दलीय पर सेंध लगानी होगी, तभी वे सफल हो सकते हैं।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!