कंडीसौड़ में किसान दिवस का सफल आयोजन, किसानों की समस्याओं पर हुआ विस्तृत मंथन

टिहरी गढ़वाल 12 मार्च, 2026। माननीय मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के निर्देशों के क्रम में गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के विकास खंड थौलधार मुख्यालय कंडीसौड़ सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल Nitika Khandelwal ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों की विभिन्न समस्याओं और मुद्दों का समाधान करना, उन्हें तकनीकी एवं वैज्ञानिक जानकारी से सशक्त बनाना तथा उनकी आय में वृद्धि के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा करना रहा।
किसान दिवस के दौरान किसानों ने मुख्य रूप से जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान की समस्या उठाई। इस पर मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि विभाग द्वारा जिला योजना के माध्यम से ग्राम पंचायतों में जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए तारबाड़ (फेंसिंग) के कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जाल, एंगल और सीसी कार्य पर अधिक धनराशि खर्च होने के कारण सीमित क्षेत्र में ही फेंसिंग हो पा रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने सुझाव दिया कि कृषि सुरक्षा के लिए तार और एंगल कृषि विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएं, जबकि सीसी का कार्य ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों द्वारा अन्य योजनाओं के अंतर्गत कराया जाए। इससे कम लागत में अधिक क्षेत्र में खेतों की फेंसिंग संभव हो सकेगी और बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने इस विषय पर ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए तथा विचार-विमर्श कर विभाग को पत्राचार करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत रमोलसारी के प्रधान कमल सिंह चौहान ने बताया कि उनके गांव में गेहूं, धान, राजमा, हल्दी, दलहन, नींबू और मौसमी जैसी फसलों का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, लेकिन जंगली जानवरों के कारण किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने खेतों की तारबाड़ कराए जाने की मांग की।
वहीं बैलगांव के पूर्व प्रधान पवन सिंह ने बताया कि उनके गांव में खरीफ सीजन में मुख्य रूप से दलहन की खेती होती है, लेकिन जानकारी के अभाव में फसलें अक्सर रोगों का शिकार हो जाती हैं। उन्होंने समय पर दवाओं की उपलब्धता तथा किसानों को फसल रोग प्रबंधन का प्रशिक्षण देने की मांग की।
कार्यक्रम में किसानों ने जंगली सूअर और बंदरों से फसलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग से भी प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान कृषि विभाग के वैज्ञानिकों ने किसानों को फसलों को रोगों से बचाने और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से जनपद के सभी विकास खंडों में किसान दिवस का आयोजन किया जा रहा है, ताकि किसानों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा सके।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी, ज्येष्ठ उपप्रमुख सुनीता राणा, कनिष्ठ प्रमुख सबिता बनाली, मुलायम सिंह रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जोत सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य सुनील जुयाल, खंड विकास अधिकारी स्नेह नेगी सहित विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि, किसान एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



