बौराड़ी में शराब की दुकान हटाने की मांग तेज, नागरिकों की बैठक में आंदोलन की चेतावनी

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। बौराड़ी शहर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के विरोध में शनिवार को प्रबुद्ध नागरिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक पूर्व कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप सिंह पंवार के नेतृत्व में हुई, जिसमें शहर के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि शहर के बीचों-बीच स्थित शराब की दुकान के कारण क्षेत्र में लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही है। संकरी सड़क, सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां, फुटपाथ पर अतिक्रमण और बढ़ती भीड़ से पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों, महिलाओं तथा अस्पताल जाने वाले मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग शहर के मुख्य बाजार को भी जोड़ता है, जिससे परिवारों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर शराब की दुकान सामाजिक और सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय बन गई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शांतिपूर्ण तरीके से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शराब की दुकान को शीघ्र अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो नागरिक व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे।
इस अवसर पर विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार रखकर आंदोलन को समर्थन दिया। बैठक में राज विद्या केंद्र के संयोजक भगवान चंद्र, होटल एसोसिएशन के ओमप्रकाश रतूड़ी, कम्युनिस्ट पार्टी के नेता श्रीपाल, पूर्व प्रमुख भिलंगना विजय गुनसोला, शांति प्रसाद भट्ट, आनंद सिंह बेलवाल, बार एसोसिएशन अध्यक्ष जयवीर रावत सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, छात्र प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!