नई टिहरी प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह
टिहरी गढ़वाल। नई टिहरी प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह में अध्यक्ष अनुराग उनियाल, महामंत्री विजय गुसाईं, उपाध्यक्ष अब्बल रमोला, कोषाध्यक्ष धनपाल गनुसोला, सहमंत्री दीपक श्रीयाल तथा संप्रेक्षक रोशन थपलियाल ने शपथ ली। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में यशपाल सजवाण, मनमोहन रावत और जगत तोपवाल भी शामिल रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है, जो सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से जहां सरकारी योजनाएं आमजन तक पहुंचती हैं, वहीं जनता की समस्याएं भी सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचती हैं। उन्होंने पत्रकारिता को चुनौतीपूर्ण एवं जिम्मेदारीपूर्ण पेशा बताते हुए पत्रकारों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने बांध प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग रखी।
समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई, विधायक किशोर उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व प्रमुख एवं एससी आयोग सदस्य सुनीता देवी, चंबा प्रमुख सुमन सजवाण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष विश्वजीत नेगी, उपाध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र दुमोगा, सुरेंद्र कंडारी, शाशिभूषण भट्ट, गोविंद पुंडरी, विक्रम बिष्ट, बलवीर नेगी, जयप्रकाश पांडेय, गंगा थपलियाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।




