जनगणना-2027 में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 11 अप्रैल 2026। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त उपखण्ड जनगणना अधिकारियों/उप जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनगणना कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर टेबल वर्क, CMMS पोर्टल पर प्रगति तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान प्रतापनगर, देवप्रयाग, टिहरी तथा नगर पंचायत चम्बा के अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों द्वारा CMMS/HLBC पोर्टल पर HLB एवं सुपरवाइजरी सर्किल से संबंधित कार्य समय पर पूर्ण न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 9 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक तहसील बालगंगा एवं घनसाली में दो-दो बैचों में सुपरवाइजर और प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए सभी उपखण्ड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि सभी उपखण्ड जनगणना अधिकारी अपने चार्ज क्षेत्रों में जनगणना से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करें और प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना-2027 से संबंधित कार्यों की समीक्षा डीएम स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और बैठकों के माध्यम से लगातार की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ए.के. सिंह, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी केशव गैरोला सहित सभी उपखण्ड जनगणना अधिकारी/उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!