टिहरी गढ़वाल। आईपीएस श्वेता चौबे ने जनपद टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस कार्यालय में पत्रकारों से शिष्टाचार भेंट करते हुए प्रेस वार्ता की। इस दौरान पत्रकारों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
प्रेस वार्ता में SSP चौबे ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, पुलिसिंग को जनोन्मुखी एवं संवेदनशील बनाने तथा आमजन को त्वरित और पारदर्शी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने आगामी चारधाम यात्रा, ट्रैफिक प्रबंधन, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण को विशेष रूप से फोकस क्षेत्र बताया।
चारधाम यात्रा और ट्रैफिक पर विशेष योजना
SSP ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। रूट डायवर्जन प्लान, पार्किंग प्रबंधन और रियल-टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग लागू की जाएगी। मुनिकीरेती समेत जाम प्रभावित क्षेत्रों के लिए अलग कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
महिला-बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि सभी थानों की महिला हेल्प डेस्क को मजबूत किया जाएगा और महिला व बच्चों से संबंधित मामलों का त्वरित व संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा संबंधी जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
साइबर अपराध और नशे के खिलाफ अभियान
SSP चौबे ने बताया कि बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए थाना स्तर पर गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक फ्रॉड से बचाव की जानकारी दी जाएगी। नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नागरिक केंद्रित पुलिसिंग और आपदा तैयारी
उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और नागरिक हितैषी बनाया जाएगा। नियमित गश्त, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और त्वरित कार्रवाई पर जोर रहेगा। जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन प्रणाली को भी मजबूत किया जाएगा तथा पुलिस, SDRF और फायर सर्विस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
मीडिया से सहयोग की अपील
अंत में SSP ने मीडिया को पुलिस और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस-मीडिया समन्वय से जनपद में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।




