डॉ. राकेश भूषण गोदियाल बने जिलाध्यक्ष, जल्द होगा जिला कार्यकारिणी का गठन
टिहरी गढ़वाल। राज्य आंदोलनकारी मंच का जिला सम्मेलन आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसमें संगठन की मजबूती, आंदोलनकारियों के अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। सम्मेलन में उपस्थित वक्ताओं ने कई महत्वपूर्ण सुझाव रखते हुए संगठन को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान डॉ. राकेश भूषण गोदियाल को सर्वसम्मति से राज्य आंदोलनकारी मंच का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। अध्यक्ष बनने के बाद गढ़ निनाद न्यूज से बातचीत के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला कार्यकारिणी का गठन कर विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक कार्यों को गति दी जाएगी।
डॉ. गोदियाल ने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी के गठन के बाद राज्य स्तर और स्थानीय स्तर के मुद्दों पर योजनाबद्ध तरीके से काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने भू-कानून, मूल निवास का अधिकार और स्थायी राजधानी जैसे अहम मुद्दों को प्राथमिकता में रखने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि कई वास्तविक आंदोलनकारी अब तक पहचान और सुविधाओं से वंचित हैं, ऐसे लोगों को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, नई टिहरी क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं जैसे पेयजल संकट, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई को भी प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया गया।

डॉ. गोदियाल ने बताया कि कार्यकारिणी बनने के बाद एक शिष्टमंडल जिला प्रशासन से मुलाकात करेगा और आवश्यकतानुसार मुख्यमंत्री से भी मिलकर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करेगा।
अध्यक्ष बनने के बाद देर शाम रामलीला समिति कार्यालय पहुंचने पर रामलीला समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल एवं सभी पदाधिकारियों द्वारा डॉ. राकेश भूषण गोदियाल को फूल मालाओं से सम्मानित किया गया ।




