रायवाला 24 जून । श्रीनगर क्षेत्र से पिछले 18 दिनों से लापता नाबालिग बालिका का शव ब्यासी के पास नदी में मिलने की सूचना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि परिजनों तथा स्थानीय लोगों की पीड़ा को देखते हुए मामले की निष्पक्ष, गहन और समयबद्ध जांच आवश्यक है।
यह स्पष्ट होना चाहिए कि नाबालिग ने यह कदम स्वयं उठाया या फिर किसी प्रकार के मानसिक, सामाजिक अथवा अन्य दबाव के कारण उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया। घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाना कानून और न्याय की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रशासन एवं पुलिस को चाहिए कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर सत्य को जनता के सामने लाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विराम लगे और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए स्वामी रसिक महाराज ने दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की ।
उन्होंने कहा कि न्याय तभी होगा जब सत्य पूरी तरह सामने आएगा। अतः निष्पक्ष और पारदर्शी जांच ही इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण है।




