Ad image

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने नंदगांव स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के दिए निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 2 जून। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी द्वारा मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद आर्य ने उपस्थित एवं अनुपस्थित कार्मिकों की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने दवाइयों के स्टॉक का अवलोकन किया। वरिष्ठ फार्मासिस्ट दिनेश द्वारा दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर से मिलान कर दिखाया गया। एडीएम ने अस्पताल में उपचार हेतु आए मरीजों से भी वार्ता की। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में निःशुल्क दवाइयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

तत्पश्चात दवा भंडार कक्ष का निरीक्षण किया गया, जहां भवन में लीकेज की समस्या से अवगत कराया गया। इस पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महिला एवं पुरुष वार्ड का भी अवलोकन किया गया। वार्ड में भर्ती मरीज रोशना देवी एवं राकेश कुमार से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई। भर्ती मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किए जा रहे सर्वेक्षण की समीक्षा के दौरान संबंधित कार्मिकों ने क्षेत्र में चिन्हित टीबी रोगियों की जानकारी दी, जिसमें 45 महिलाएं एवं 26 पुरुष, कुल 71 लोग संक्रमित बताए गये। साथ ही एएनएम द्वारा अवगत कराया गया कि क्षेत्र के चार गांवों में वर्तमान में तीन गर्भवती महिलाएं तथा पांच धात्री माताएं चिन्हित हैं।

अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए उनके सुरक्षित संस्थागत प्रसव हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं समय से की जाएं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय अंथवाल, फार्मासिस्ट जयवीर सिंह, एएनएम किरण डबराल, नर्सिंग ऑफिसर तरणजीत कौर एवं गीता भंडारी, सेविका शोभा, एएनएम सरिका रावत तथा सफाई नायक प्रवीण रॉय उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!