टिहरी गढ़वाल , 02 जून। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, टिहरी परियोजना के तत्वावधान में तथा आईएमए ब्लड बैंक, देहरादून के सहयोग से मंगलवार को चिकित्सालय, भागीरथीपुरम में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल ने किया।
रक्तदान शिविर में कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 118 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसमें 112 पुरुष और 6 महिला रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक आर.आर. सेमवाल ने कहा कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का सबसे बड़ा माध्यम है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, शल्य चिकित्सा और अन्य आपात परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता अनेक जिंदगियों को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय द्वारा समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाना सराहनीय पहल है, जिससे रक्त की उपलब्धता बढ़ने के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
उन्होंने सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा की यह भावना क्षेत्र में लगातार मजबूत हो रही है और ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहने चाहिए।
शिविर के दौरान महाप्रबंधक (पीएसपी) एस.के. शाहू, अपर महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) ए.पी. बाजपेई, निधि बाजपेई, अपर महाप्रबंधक (चिकित्सालय) डॉ. आर.एस.के. श्रीवास्तव, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) मोहन सिंह श्रीस्वाल, प्रबंधक (जनसंपर्क) मनबीर सिंह नेगी, डॉ. एंड्रयू रविन्द्र प्रसाद, डॉ. वरुण त्रिपाठी, डॉ. अभिज्ञान बहुगुणा, डॉ. दीपा मित्तल, उप प्रबंधक (चिकित्सालय) पी.डी. जोशी, कनिष्ठ अधिशासी प्रकाश डोभाल, दीपा चौहान सहित आईएमए ब्लड बैंक, देहरादून की विशेषज्ञ टीम एवं टिहरी चिकित्सालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।




