टिहरी गढ़वाल, 2 जून। चारधाम यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक मैक्स बुलेरो पिकअप सोमवार को बछेलीखाल इंटर कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय वाहन में 11 यात्री सवार थे।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बछेलीखाल उपनिरीक्षक दीपक लिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन सोनप्रयाग से यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रहा था।
हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें और खरोंचें आईं, जबकि दिल्ली निवासी 17 वर्षीय आरती के कंधे में गंभीर दर्द की शिकायत होने पर उसे तत्काल सीएचसी बागी भेजा गया। अन्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया तथा यातायात को भी सुचारु बनाए रखा। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
टिहरी पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तत्पर है।
चारधाम यात्रियों से भरी बुलेरो बछेलीखाल में ट्रक से टकराई, पुलिस ने बचाई जानें

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



