Ad image

टिहरी में मतदाता सूची शुद्धिकरण का महाअभियान शुरू, सीडीओ ने नागरिकों से मांगा सहयोग

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 9 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सोमवार से घर-घर गणना फार्म वितरण अभियान का शुभारंभ हो गया। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक घर तक पहुंचकर गणना फार्म वितरित करने के साथ ही भरे हुए फार्मों को एकत्रित भी करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने इस संबंध में आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाने के लिए बीएलओ को पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
सीडीओ ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जनपद स्तर पर बीएलओ, आईटी विशेषज्ञों एवं नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि बीएलओ के घर पहुंचने पर गणना फार्म प्राप्त करें तथा उसमें मांगी गई सभी जानकारियां सही एवं पूर्ण रूप से भरकर समय पर वापस जमा करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध न रहने वाले मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा शुरू की है। इसके माध्यम से मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप के जरिए अपने बीएलओ के साथ ऑनलाइन कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क स्थापित करेंगे।
सीडीओ ने कहा कि यदि किसी मतदाता से संपर्क नहीं हो पाता है तो बीएलओ उसके घर पर तीन बार जाएंगे। तीसरी बार भी संपर्क न होने की स्थिति में घर के बाहर एक विशेष स्टीकर चस्पा किया जाएगा, जिसमें अगले भ्रमण की तिथि, समय और बीएलओ का मोबाइल नंबर अंकित रहेगा।
बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अथवा नए मतदाता बनने के इच्छुक युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। ऐसे युवा अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा नगर पालिका, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, शहरी विकास विभाग एवं सूचना विभाग को स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में सहभागिता निभा सकें।
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही एक सशक्त और समावेशी लोकतंत्र का निर्माण संभव है।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!