टिहरी गढ़वाल 14 जुलाई। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड चिकित्सालय, भागीरथीपुरम में मंगलवार से साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ किया गया। यह पहल टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के सौजन्य से तथा हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स), जॉली ग्रांट, देहरादून के सहयोग से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य टीएचडीसी कर्मचारियों, उनके आश्रितों और टिहरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
शिविर का उद्घाटन स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना, टीएचडीसी के अधिशासी निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (टिहरी कॉम्प्लेक्स) आर.आर. सेमवाल, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन/केंद्रीय संचार) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर बताया गया कि इस स्वास्थ्य पहल को साकार करने में टीएचडीसी के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग एवं श्रीमती पूजा गर्ग की विशेष भूमिका रही। वहीं, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की सक्रिय पहल और सहयोग से इस योजना को मूर्त रूप मिला।
डॉ. विजय धस्माना ने कहा कि हिमालयन हॉस्पिटल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी के साथ यह संयुक्त पहल टिहरी क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
टीएचडीसी के अधिशासी निदेशक कुमार शरद ने कहा कि यह पहल कर्मचारियों, उनके आश्रितों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्य महाप्रबंधक आर.आर. सेमवाल ने कहा कि टीएचडीसी केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्य महाप्रबंधक डॉ. ए.एन. त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी संस्था की सबसे बड़ी पूंजी उसके कर्मचारी होते हैं और यह शिविर उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति टीएचडीसी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
पूर्व प्रमुख चंबा आनंदी नेगी ने टीएचडीसी प्रबंधन और एसआरएचयू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल टिहरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी।
हर बुधवार मिलेंगी विशेषज्ञ सेवाएं
अब टीएचडीसी चिकित्सालय, भागीरथीपुरम में प्रत्येक बुधवार विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग तथा ईएनटी विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण और परामर्श देंगे। मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति तथा बाल रोग विशेषज्ञ प्रत्येक बुधवार उपलब्ध रहेंगे, जबकि ईएनटी विशेषज्ञ माह के प्रथम और तृतीय बुधवार को अपनी सेवाएं देंगे।
कार्यक्रम में टीएचडीसी के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि, तरंगिनी ऑफिसर्स महिला क्लब की सदस्याएं, स्थानीय ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, नगर पालिका सभासद, टीएचडीसी कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
भागीरथीपुरम टीएचडीसी चिकित्सालय में शुरू हुआ साप्ताहिक विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, अब हर बुधवार मिलेगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



