प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने किया ध्वजारोहण, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और पूर्व निदेशक (वित्त) जे. बेहेरा को किया
ऋषिकेश 14 जुलाई। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को अपने 39वें स्थापना दिवस पर देशभर में स्थित परियोजनाओं और यूनिट कार्यालयों के साथ ऋषिकेश स्थित कॉरपोरेट कार्यालय में समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर कंपनी ने ऊर्जा सुरक्षा, प्रचालनात्मक उत्कृष्टता, नवाचार और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह का शुभारंभ टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने ध्वजारोहण कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कंपनी की 39 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्मचारियों के समर्पण और सामूहिक प्रयासों ने टीएचडीसी को देश के अग्रणी विद्युत क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रमों में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के लिए नए संकल्प लेने का अवसर भी है।
उन्होंने बताया कि कंपनी की कुल स्थापित विद्युत क्षमता बढ़कर 3,907 मेगावाट हो गई है। साथ ही 1000 मेगावाट टिहरी वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट और 1320 मेगावाट खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के संचालन से कंपनी की विकास यात्रा को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि टीएचडीसी पंप स्टोरेज सेक्टर में अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मेरिटोरियस अवॉर्ड, सजेशन मेला अवॉर्ड, इनोवेशन अवॉर्ड, स्विफ्ट डिसीजन-मेकिंग अवॉर्ड, बेस्ट इम्प्लॉई, गौरव अवॉर्ड और नमन अवॉर्ड सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
पूर्व निदेशक (वित्त) जे. बेहेरा को कंपनी के वित्तीय ढांचे को सुदृढ़ बनाने और संस्थागत विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘नमन पुरस्कार’ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्य तकनीकी अधिकारी एल.पी. जोशी, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




