हरेला पर पैठाणी महाविद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

पैठाणी (पौड़ी गढ़वाल), 16 जुलाई। राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी की नमामि गंगे इकाई ने हरेला पखवाड़ा के तहत गुरुवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल ने अपनी माता के नाम पौधा रोपित कर किया।

प्राचार्य ने सभी से अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसके परिपक्व होने तक संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी भी निभाई जाए।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. खिलाप सिंह ने हरेला पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए “पेड़ लगाओ, जल बचाओ और जीवन खुशहाल बनाओ” का संदेश दिया।

वहीं महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं वनस्पति विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश फोंदणी ने कहा कि हरेला लोकपर्व जैव विविधता संरक्षण और हरित संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय परिसर में पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण चौड़ी पत्ती वाले, औषधीय, फलदार एवं बहुउपयोगी पौधों का रोपण किया गया।
अभियान के तहत पीपल, बाँज, बुरांश, काफल, आँवला, आम, जामुन, रीठा, देवदार, तुलसी, गुड़हल, कनेर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने अपनी माताओं के नाम पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!