टिहरी गढ़वाल 22 जुलाई। टिहरी विधानसभा के जाखणीधार विकासखंड अंतर्गत कफलना, करास और अंद्रेठी ग्राम पंचायतों में पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क निर्माण के कारण हो रहे भू-धंसाव, मकानों को पहुंच रहे नुकसान तथा सड़क निर्माण में गई भूमि का मुआवजा न मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कफलना गांव में सड़क निर्माण के चलते कई परिवारों के मकानों और आंगनों में दरारें पड़ गई हैं तथा भू-धंसाव लगातार बढ़ रहा है। कई मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। पूर्व मंत्री धनाई ने प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक में किसानों ने यह भी शिकायत की कि सड़क निर्माण में उनकी भूमि अधिग्रहित हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला है। इस पर धनाई ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि वे कई बार जनता दरबार में भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जन-संवाद के दौरान पूर्व मंत्री दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि उनके कार्यकाल में वर्षों से लंबित कोशियार पंपिंग पेयजल योजना को शुरू कर लगभग 47 गांवों तक पेयजल पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में इस योजना का विस्तार नहीं हो सका, जबकि इस अवधि में जाखणीधार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जाखणीधार में पॉलीटेक्निक, नंदगांव में गैस गोदाम, खांदी में एएनएम सेंटर, जाखणीधार इंटर कॉलेज को आदर्श विद्यालय तथा पिपलडाली में खाद्यान्न गोदाम जैसी योजनाएं स्वीकृत कराई गई थीं।
धनाई ने कहा कि जनता को अपने जनप्रतिनिधियों से काम का हिसाब मांगना चाहिए। उनका कहना था कि जिस दिन जनता जवाबदेही तय करना शुरू करेगी, उसी दिन नेता केवल आश्वासन नहीं बल्कि विकास कार्यों पर ध्यान देने को मजबूर होंगे।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उन्हें दोबारा जनप्रतिनिधित्व का अवसर मिला तो जाखणीधार क्षेत्र में एक बड़े शैक्षणिक संस्थान की स्थापना कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि टिहरी विधानसभा के विभिन्न गांवों के भ्रमण के दौरान उन्हें जनता का व्यापक समर्थन और स्नेह मिल रहा है।
इस अवसर पर प्रधान इशाक अहमद, पूर्व प्रधान रमेश सिंह, उपप्रधान चैन सिंह, भगवान सिंह पंवार, चंद्र सिंह पंवार, नारायण सिंह पंवार, लोकपाल सिंह पंवार, प्रभुदत्त पीलावाल, प्रेम सिंह रावत, रूप सिंह नेगी, साब सिंह, पंकज पंवार, कलम सिंह, कुंदन सिंह, मुकुट बिहारी पंवार, जोत सिंह पंवार, मकान सिंह पंवार, उमेद सिंह पंवार, असद अहमद, अब्दुल रहमान, गुल अहमद, साजिद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जाखणीधार में सड़क निर्माण से भू-धंसाव और मुआवजे का मुद्दा गरमाया, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई ने समाधान का दिया भरोसा

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



