टिहरी गढ़वाल 25 जुलाई । उत्तराखंड के अमर स्वतंत्रता सेनानी श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय हटवाल गांव में श्रद्धांजलि एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने श्रीदेव सुमन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सतेन्द्र सरियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीदेव सुमन उत्तराखंड के महान स्वतंत्रता सेनानियों में अग्रणी थे। उन्होंने टिहरी रियासत की दमनकारी राजशाही के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया और 84 दिनों के आमरण अनशन के दौरान 25 जुलाई 1944 को देश और जनहित के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान आज भी युवाओं को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने कहा कि टिहरी जनपद के जौल गांव में 25 मई 1916 को जन्मे श्रीदेव सुमन ने लोकतांत्रिक अधिकारों और जनस्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके सम्मान में प्रतिवर्ष 25 जुलाई को पूरे उत्तराखंड में सुमन दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे अमर शहीद को शत-शत नमन करना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप उनियाल, इंद्र सिंह, महेश सहित छात्र-छात्राओं पायल, अरुण, आयुष, सार्थक, मीरा, रिया, प्राची, लोकेश, पिया, दिव्यांश आदि ने सहभागिता कर वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण कर श्रद्धापूर्वक मनाया अमर शहीद श्रीदेव सुमन का बलिदान दिवस

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



