टिहरी गढ़वाल, 16 जुलाई 2026 । हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड जाखणीधार के ग्राम चडीयारा में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार (नींबू, संतरा, आम) एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित ग्राम प्रधान कमला देवी, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य, पवन कुमार काला (कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी), राजेश कुमार (विकासखंड प्रभारी), अनुज बिष्ट, कनिष्ठ अभियंता सहित अंकुर, मीनू, मयंक, जयंती एवं शीतल, वन विभाग के अधिकारी- कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।




