नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के पक्ष में खुलकर बोले राजेश नौटियाल, कहा—शहर के भविष्य और पलायन रोकने के लिए जरूरी

Govind Pundir
5 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 30 अगस्त। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जाखणीधार के वर्तमान ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि वह मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी में स्थापित किए जाने के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि नई टिहरी में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है और यहां मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से शहर के व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही लगातार हो रहे पलायन को रोकने में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजेश नौटियाल ने कहा कि टिहरी बांध के निर्माण के लिए टिहरी के लोगों और विस्थापितों ने अपना सब कुछ कुर्बान किया है। ऐसे में नई टिहरी में विस्थापितों और प्रभावितों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं बेहतर होंगी तो लोगों का शहर से पलायन रुकेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने नई टिहरी में निवासरत विस्थापितों एवं प्रभावितों के पानी के बिल माफ कराने का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था। नौटियाल के अनुसार मुख्यमंत्री ने इस संबंध में अपनी सहमति भी जताई थी, लेकिन किन कारणों से यह मामला आगे नहीं बढ़ पाया, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के हित से जुड़े ऐसे मामलों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान किया जाना चाहिए।
राजेश नौटियाल ने प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए नई टिहरी-बोराड़ी क्षेत्र को उपयुक्त बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज शहर के आसपास स्थापित होने से स्थानीय व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बाहर से आने वाले चिकित्सकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और मरीजों के कारण शहर में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे और नई टिहरी के बाजार को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर विश्वास जताते हुए कहा कि राज्य सरकार नई टिहरी के विकास को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास को गति मिली है और सरकार नई टिहरी के विकास के लिए तत्पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार शहर की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करेगी और नई टिहरी को विकास की नई दिशा मिलेगी।

विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक दावेदारी के सवाल पर नौटियाल ने कहा कि उन्होंने अभी चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, यदि भाजपा नेतृत्व उन पर विश्वास जताता है और पार्टी उन्हें चुनाव मैदान में उतारती है तो वह पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 38 वर्षों से भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और पार्टी ने उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी, उसे पूरी निष्ठा से निभाया है।

पार्टी में शामिल हुए नए नेताओं और पूर्व मंत्रियों को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा राजनीतिक परिवार है और पार्टी में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने पूर्व मंत्री दिनेश धनै का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सभी को मिलकर टिहरी के विकास के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने सरकार की विकास योजनाओं का समर्थन करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन टिहरी के विकास और नई टिहरी के भविष्य के मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नई टिहरी को बचाने के लिए केवल सरकारी कार्यालय और भवन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि शहर में बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, रोजगार और व्यापार की संभावनाएं विकसित करनी होंगी। मेडिकल कॉलेज इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!