छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां, शिक्षकों को भेंट किए पुष्प, ग्रीटिंग कार्ड व उपहार
टिहरी गढ़वाल 5 सितम्बर । राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उनके प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों का बैज अलंकरण कर सम्मान किया गया। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के जीवन में महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा कविता-पाठ के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान प्रकट किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्प एवं पेन भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं, शिक्षकों के लिए मटका-पर्ची के माध्यम से शेरो-शायरी, पसंदीदा गीत प्रस्तुत करने तथा जीवन के अविस्मरणीय अनुभव साझा करने जैसी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों ने पूरे कार्यक्रम को उत्साह और आत्मीयता से भर दिया।
कार्यक्रम का संचालन बीए प्रथम वर्ष की छात्रा सोनम ने किया, जबकि कुमारी शालिनी ने शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कराई। इस अवसर पर डॉ. अजीत सिंह, डॉ. ईरा सिंह, डॉ. शन्नोवर, डॉ. सीमा पांडे, डॉ. मीना, डॉ. संगीता बिज्लवाण जोशी, डॉ. मीनाक्षी एवं डॉ. ममता ने शिक्षक दिवस के महत्व और अपने अनुभव साझा किए। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री शूरवीर दास एवं कनिष्ठ सहायक कुमारी मनीषा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
समापन अवसर पर प्राचार्य ने महाविद्यालय के प्राध्यापकों के कार्यों एवं योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक समाज को दिशा देने और राष्ट्र के निर्माण में अहम योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में दीपक, आशीष, पंकज एवं हितेश सहित महाविद्यालय के समस्त कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिक्षक दिवस समारोह सौहार्दपूर्ण, आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




