टिहरी गढ़वाल 16 अक्टूबर 2026। आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल, टिहरी गढ़वाल की अंतरमहाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता (महिला एवं पुरुष वर्ग) के द्विदिवसीय आयोजन (16 एवं 17 अक्टूबर, 2026) का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने की।

प्राचार्य प्रो. प्रीति कुमारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. पंकज पंत, प्राचार्य, उत्तरकाशी महाविद्यालय तथा विशिष्ट अतिथि डॉ एम के पाण्डेय, वरिष्ठ कोषाधिकारी, टिहरी गढ़वाल, डॉ पुष्कर गौड़, क्रीड़ा सचिव, बादशाहिथौल परिसर , डॉ अनिल तोमर, डॉ हीरा सिंह, डॉ राजेश कुमार की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. पंकज पंत ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. पुष्कर गौड़ एवं डॉ. एम. के. पाण्डेय ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. अनिल तोमर, डॉ. हीरा सिंह एवं डॉ. राजेश कुमार ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. चंचल गोस्वामी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए क्रीड़ा संयोजक एवं प्रभारी डॉ. पी. सी. पैन्यूली ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी खिलाड़ियों, निर्णायकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग और सौहार्द की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।
प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान टेबल टेनिस के विभिन्न मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। आज की प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रारंभिक मुकाबले खेले गए, जिनमें प्रतिभागी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा विश्वविद्यालय स्तर पर खेल भावना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सहयोग रहा।




