टिहरी गढ़वाल 8 अक्टूबर। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर में किए जा रहे प्रदर्शन के तहत गुरुवार को नई टिहरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया। बौराड़ी साईं चौक पर कांग्रेसजनों ने धरना देकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने सिर पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेता विजय गुनसोला, मुशर्रफ़ अली ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं और सांसदों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने से रोका जा रहा है और केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से मुलाकात कर कथित तौर पर मतदाता सूची से बाहर किए गए करोड़ों मतदाताओं के मुद्दे पर जवाब मांगना चाहते थे, लेकिन उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दी गई। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में राकेश राणा, देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ अली, विजय गुनसोला, विशन सिंह रांगड़, आशा रावत, शगुफ्ता प्रवीन, अनीता पैन्यूली, नवीन सेमवाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




