‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत निबंध, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित, 17 अक्टूबर को होगा पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह
टिहरी गढ़वाल 13 अक्टूबर। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘विकसित भारत @2047’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ‘सेवा के रंग देश के संग : विकसित भारत’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विकसित भारत की परिकल्पना को रंगों के माध्यम से साकार किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण, डिजिटल प्रगति और समृद्ध भारत की कल्पना को रंगोली के माध्यम से आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया। रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति से सजी रंगोलियों ने विद्यार्थियों की सृजनात्मकता और देश के विकास के प्रति उनकी सोच को प्रदर्शित किया।
अभियान के तहत इससे पहले 5 अक्टूबर को निबंध प्रतियोगिता और 7 अक्टूबर को पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, रचनात्मकता और विकसित भारत के निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के लिए 17 अक्टूबर को महाविद्यालय परिसर में पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों की सहभागिता और उत्साह की सराहना करते हुए अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।




