पांच माह बाद पर्यटकों के लिए खुला कॉर्बेट का ढिकाला जोन, जंगल सफारी का रोमांच फिर शुरू

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

रामनगर। विश्व प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का सबसे लोकप्रिय ढिकाला पर्यटन जोन रविवार 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। पांच माह के लंबे इंतजार के बाद जंगल के दरवाजे खुलने से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके साथ ही कॉर्बेट का शीतकालीन पर्यटन सत्र भी शुरू हो गया है।
पर्यटन सत्र का शुभारंभ रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट और कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक साकेत बडोला ने सुबह करीब साढ़े छह बजे पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। इस अवसर पर हरी झंडी दिखाकर पर्यटकों के कैंटरों को जंगल सफारी के लिए रवाना किया गया। पहले दिन सुबह की पाली में तीन कैंटरों से लगभग 64 पर्यटक ढिकाला की सैर पर निकले।
मानसून के दौरान भारी बारिश, नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक वर्ष 15 जून को ढिकाला जोन बंद कर दिया जाता है। इसके बाद जंगल के रास्तों की मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने पर 15 नवंबर से इसे दोबारा पर्यटकों के लिए खोला जाता है।
ढिकाला जोन अपने विशाल घास के मैदानों, घने साल के जंगलों और रामगंगा नदी के मनोरम दृश्यों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। यहां पर्यटकों को बाघ, हाथी, हिरण, तेंदुए और अनेक प्रजातियों के पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने का अवसर मिलता है। जंगल के बीच वन विश्राम गृहों में रात्रि विश्राम भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण है।
ढिकाला के साथ दुर्गादेवी पर्यटन जोन में भी सफारी शुरू हो गई है। वहीं ढिकाला, बिजरानी, ढेला और झिरना जोन के वन विश्राम गृहों में नाइट स्टे की सुविधा बहाल होने से पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। जिप्सी संचालकों, नेचर गाइडों, होटल व्यवसायियों और स्थानीय कारोबारियों में नए पर्यटन सत्र को लेकर उत्साह है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!