पॉलीटेक्निक बचेलीखाल में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण, छात्रों को सिखाए खोज-बचाव और प्राथमिक उपचार के गुर

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 16 नवंबर। आपदा की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल की ओर से राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान बचेलीखाल में आपदा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं और संस्थान के कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार तथा जीवन रक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में डीडीएमए के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा से पहले, आपदा के दौरान और उसके बाद बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से बचाव के उपायों के साथ खोज-बचाव में इस्तेमाल होने वाले बुनियादी उपकरणों की जानकारी भी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने की विधि, अत्यधिक रक्तस्राव रोकने की तकनीक, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित तरीके से उठाकर ले जाने का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा खोज-बचाव कार्यों में उपयोग होने वाली विभिन्न प्रकार की गांठें बांधने की तकनीक भी सिखाई गई।
प्रशिक्षक ने भूकंप, बाढ़ एवं जलभराव, घरेलू आग और जंगल की आग जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देते हुए आपातकालीन टोल फ्री नंबरों के बारे में भी बताया। साथ ही भूदेव एप डाउनलोड करवाकर प्रतिभागियों को इसकी उपयोगिता और आपदा के समय इसके इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में संस्थान की प्राचार्य डॉ. नर्मदा सिंह, एचओडी डॉ. शोभा पोखरिया, प्रवक्ता राजकुमार आर्या, राजेंद्र झिंगवान, विपिन पंवार, प्रशांत जोशी, इंदिरा, संदीप नेगी, अविनाश पंवार, भास्करानंद सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!