साइबर धोखाधड़ी से बचने और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के प्रति भी किया जागरूक
टिहरी गढ़वाल 26 नवंबर। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में डिजिटल जनगणना एवं स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रपत्र भरने, ऑनलाइन पंजीकरण और आवश्यक जानकारियां दर्ज करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में तहसील नरेंद्रनगर से पहुंचे सुनील डंगवाल ने विद्यार्थियों को स्व-गणना पोर्टल पर यूजर नेम बनाने, लॉग-इन करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रपत्र भरने की जानकारी दी। उन्होंने पूरी प्रक्रिया का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया, ताकि विद्यार्थी स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कर सकें।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल जनगणना से आंकड़ों का संकलन अधिक सरल, सुविधाजनक और प्रभावी होगा। इससे आंकड़ों की सटीकता एवं पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
डॉ. मीनाक्षी ने स्व-गणना के दौरान सही एवं सावधानीपूर्वक जानकारी दर्ज करने पर जोर दिया। उन्होंने डेटा की गोपनीयता और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, व्यक्तिगत जानकारी अथवा गोपनीय विवरण साझा न करें।
कार्यशाला में डॉ. इरा सिंह, डॉ. संगीता बिजल्वाण जोशी, डॉ. शनवर सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और स्व-गणना से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।




