(गजा से डीपी उनियाल )
टिहरी गढ़वाल 2 सितम्बर। उत्तराखंड आंदोलन के दौरान मसूरी गोलीकांड में शहीद हुईं बेलमती चौहान की शहादत दिवस पर बुधवार को नगर पंचायत गजा स्थित शहीद बेलमती चौहान स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान परिजनों, जनप्रतिनिधियों, नगरवासियों और व्यापारियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।
शहीद बेलमती चौहान चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में उनके बेटे रणजीत सिंह चौहान, पुत्रवधू सबिता चौहान, पोते दक्ष चौहान तथा बेटियों सरिता रावत और लक्ष्मी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
नगर पंचायत गजा अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान और पूर्व अध्यक्ष मीना खाती ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए शहीदों द्वारा दिए गए बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य प्राप्ति के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सभी आंदोलनकारियों को प्रदेशवासी सदैव याद करते रहेंगे।
जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती और जोत सिंह असवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की नींव खटीमा, मसूरी और रामपुर तिराहा सहित विभिन्न स्थानों पर शहीद हुए आंदोलनकारियों के बलिदान से मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सभासद सुनील सिंह चौहान, जोत सिंह चौहान, व्यापार सभा के पूर्व अध्यक्ष विनोद चौहान, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री गजेंद्र सिंह खाती, सभासद एवं मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान ने भी शहीद बेलमती चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान पर विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर तहसीलदार गजा राजेंद्र सिंह गुनसोला, सभासद जसवंत सिंह, रंजना चौहान, प्रियंका चौहान, रमेश चंद्र नयाल, ग्राम प्रधान राधिका नेगी, वीरेंद्र चौहान, मनजीत सिंह नेगी, बचन सिंह खड़वाल, यशपाल सिंह चौहान, सोबत सिंह चौहान सहित पुलिस चौकी से मनीष रावत और सचिन सैनी तथा नगर पंचायत के रोहित परमार, महेश खाती, बलवंत सिंह, गजे सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और व्यापारी मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान “शहीद बेलमती चौहान अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने शहीद बेलमती चौहान के बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए संघर्ष और त्याग को हमेशा याद रखने का संकल्प लिया।




