श्यामपुर में कृष्णमय हुई सांस्कृतिक संध्या, भक्ति और लोक संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम, कांग्रेस नेता डॉ हरक सिंह रावत, स्वामी रसिक महाराज ने की शिरकत 

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

ऋषिकेश, 3 सितंबर। योगनगरी ऋषिकेश के श्यामपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर आयोजित “कृष्णमय-सांस्कृतिक संध्या” भक्ति, संगीत और उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति के रंगों से सराबोर रही। श्यामपुर स्थित राणा फार्म हाउस में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। देर शाम तक चले कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों और कृष्ण भजनों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का आयोजन ऋषिकेश के पूर्व विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने शिरकत की। दोनों नेताओं ने मंच से प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और हमारी संस्कृति एवं परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज उपस्थित रहे। स्वामी रसिक महाराज ने समस्त देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संघर्ष, कर्म और धर्म का संदेश देता है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से आह्वान किया कि भगवान श्रीकृष्ण की तरह जीवन में आने वाले संघर्षों से घबराने के बजाय उनका दृढ़ता से सामना करें और संघर्ष के बाद फल के रूप में द्वारिकाधीश बनने की राह चुनें। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, कर्म और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। प्रसिद्ध लोक गायक धूम सिंह रावत ने पहाड़ी अंदाज में कृष्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। लोक गायिका अनिशा रांगड़ ने भक्ति एवं लोकगीतों की प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। वहीं अमन खरोला, विकास चौहान एवं विनोद सती ने आधुनिक अंदाज में भजनों की प्रस्तुति देकर युवाओं में भी भक्ति का जोश भर दिया। पंडाल में मौजूद महिला श्रद्धालुओं ने भी प्रस्तुतियों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को श्रद्धाभाव से माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी अंबिका सजवाण, साध्वी मां देवेश्वरी, डोईवाला के ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख श्रीमती बीना चौहान, सदस्य इफको नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक लिमिटेड उत्तराखंड भगवती प्रसाद सेमवाल, दिनेश चंद्र मास्टर, डॉ. के. एस. राणा, जय सिंह रावत, सतीश रावत, सोहन लाल रतौड़ी, मनोज गुंसाई, प्यारे लाल जुगलान, बृजलाल राणा, अरविंद सजवाण, गुरविंदर गुर्री, विजयपाल रावत, शिभम चमोली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस के प्रदेश सचिव एडवोकेट राकेश सिंह मियां ने किया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!