पहले दिन ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विभिन्न आयु वर्गों में हुए मुकाबले
नई टिहरी। बौराड़ी स्थित गांधी स्टेडियम में बुधवार को 24वीं शरदकालीन एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) विजयपाल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी तस्लीम कुरैशी तथा आयोजक विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज मोलधार के प्रधानाचार्य विजय सिंह कैंतुरा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में दौड़, गोला फेंक और लंबी कूद की स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पहले दिन के प्रमुख परिणाम
अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में चंबा के प्रिंस प्रथम, नरेंद्रनगर के राजपाल द्वितीय और भिलंगना के प्रवीण तृतीय रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में चंबा की निहारिका ने पहला, थौलधार की अंजलि ने दूसरा और जौनपुर की पारुल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में जौनपुर के आदित्य प्रथम, पीयूष द्वितीय और कीर्तिनगर के सुमित तृतीय रहे। इसी आयु वर्ग की बालिका 800 मीटर दौड़ में भिलंगना की दीपिका प्रथम, कीर्तिनगर की आकांक्षा द्वितीय और जाखणीधार की सिमरन तृतीय रहीं।
अंडर-14 बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में कीर्तिनगर के पवनदेव ने पहला, नरेंद्रनगर के सूरज ने दूसरा और जाखणीधार के युद्धवीर ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में जौनपुर की तानिया प्रथम, कीर्तिनगर की कनिष्का द्वितीय और जौनपुर की कनिष्का तृतीय रहीं।
अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नरेंद्रनगर के राहुल प्रथम, चंबा के स्वास्तिक द्वितीय और जौनपुर के हर्षित तृतीय रहे।
गोला फेंक की अंडर-19 बालक स्पर्धा में भिलंगना के रोबिन प्रथम, जाखणीधार के पृथ्वी सिंह द्वितीय और चंबा के सुजल तृतीय रहे। अंडर-17 बालक गोला फेंक में नरेंद्रनगर के आयुष ने पहला, कीर्तिनगर के नितिन ने दूसरा और चंबा के पवन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक लंबी कूद में थौलधार के रोहित प्रथम, चंबा के अनिल द्वितीय और भिलंगना के सौरभ तृतीय रहे।
मीडिया प्रभारी चक्रधर प्रसाद भद्री ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला क्रीड़ा समन्वयक विनोद नेगी, राजकीय माध्यमिक प्रांतीय अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा, ब्लॉक समन्वयक यशपाल सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह बिष्ट, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी भरत राम बडोनी, सुरेश बिजलवान, दुर्गा रावत, मुकेश उनियाल, बिजेंद्र नेगी, नरेश मोहन भट्ट, अरविंद पवार, अनिल बिजलवान, ममता कुमाई, राखी राणा, मनीषा पवार, प्रीति रतूड़ी, रश्मि जुगराण, सतीश बलूनी, प्रधानाचार्य विशेष चौरसिया और डॉ. सुशील कुमार कोटनाला सहित शिक्षकों ने सहयोग दिया।




