अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल का उठाया मुद्दा, सीबीआई जांच पूरी होने तक पदभार ग्रहण न करने देने की मांग
टिहरी गढ़वाल 16 अक्टूबर। अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में शुक्रवार को शहर कांग्रेस कमेटी, नई टिहरी ने प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए नियुक्ति पर सवाल उठाए।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर अंकिता भंडारी के माता-पिता द्वारा लगाए जा रहे आरोपों के संदर्भ में संबंधित व्यक्ति को संवैधानिक पद पर नियुक्त किया जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नियुक्ति से जांच प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति को पत्र लिखकर नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की सीबीआई जांच पूरी होने तक दुष्यंत गौतम को राज्यपाल पद का कार्यभार ग्रहण नहीं करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और अंकिता को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, नरेंद्र चंद्र रमोला, जिला उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सूरज राणा, देवेंद्र नौटियाल, आशा रावत, गब्बर सिंह रावत, वीर सिंह गुनसोला, मुशर्रफ अली, जुनैद खान, इमरान, मनीष पंत, संतोष कुमार, रमेश पेटवाल, सोहन कुमाई, राजेश कुमार, सोनू, मोहित, सुनील असवाल और दिनेश पेटवाल सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




