उत्तरकाशी, 16 अक्टूबर। सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग तथा आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद रंजना राजगुरु ने जनपद भ्रमण के दौरान राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल और होम्योपैथिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, ओपीडी, पंचकर्म कक्षों, वार्डों और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए दवाओं के स्टॉक की नियमित जांच तथा स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला सभागार में राजस्व, आयुष एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में उन्होंने राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण, एग्रीस्टैक व फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में तेजी लाने और विभागीय कार्यों के डिजिटाइजेशन पर जोर दिया। उन्होंने ई-ऑफिस संचालन, सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत समय पर सेवाएं देने तथा सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमाणपत्रों की जांच में सतर्कता बरतने और गलत दस्तावेज अपलोड करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा।
सचिव ने जिला कार्यालय परिसर और स्मार्ट कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालयी कार्यों में सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, संयुक्त संचालक चकबंदी राजस्व बोर्ड नरेश चंद दुर्गापाल, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, बृजेश कुमार तिवारी, मुकेश चंद रमोला और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रत्नमणि भट्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




