एसएसपी श्वेता चौबे ने की मासिक अपराध समीक्षा, 30 पुलिसकर्मी सम्मानित
टिहरी गढ़वाल 22 अक्टूबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध समीक्षा बैठक लेकर अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने अवैध नशा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने और लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा विवेचना में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदतन अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण, साइबर अपराधों पर अंकुश और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती बरतने को कहा।
उन्होंने आगामी दीपावली एवं त्योहारों के मद्देनजर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंटों की तामील तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री की निगरानी के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके निस्तारण के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को ‘एम्पलाई ऑफ द मंथ’ के प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीवा कुमार सहित जनपद के थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।




