सीपीआर देने, रक्तस्राव रोकने, स्ट्रेचर बनाने और भूदेव ऐप के उपयोग की दी जानकारी
टिहरी गढ़वाल। जनपद में आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल की ओर से बुधवार को राजकीय महाविद्यालय कमांद में आपदा जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशों तथा अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, खोज-बचाव एवं प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में डीडीएमए टिहरी के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा से पहले, आपदा के दौरान और आपदा के बाद बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के कारणों, उनसे बचाव के उपायों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के बारे में बताया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) देने की विधि, अत्यधिक रक्तस्राव रोकने के उपाय, स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित तरीके से उठाकर ले जाने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही खोज एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाले बुनियादी उपकरणों और विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने की तकनीक से भी अवगत कराया गया।
मास्टर ट्रेनर ने बाढ़ एवं जलभराव, भूकंप, घरेलू आग और जंगल की आग जैसी आपदाओं के दौरान क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देते हुए आपातकालीन टोल फ्री नंबरों के बारे में भी बताया। इस अवसर पर भूदेव ऐप डाउनलोड कराते हुए इसकी उपयोगिता और आपदा संबंधी सूचनाओं एवं सहायता में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. गौरी सेवक, कार्यक्रम संयोजक डॉ. राकेश मोहन नौटियाल, डॉ. शैफाली शुक्ला, डॉ. दीपक राणा, डॉ. प्रवीण, डॉ. बीना रानी जोशी, केदारनाथ भट्ट, सोहन सिंह रावत एवं सत्येंद्र नाथ डोभाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




