सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों की समीक्षा, निर्वाचन तैयारियां समय से पूरी करने को कहा
टिहरी गढ़वाल 23 नवंबर। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पुनर्वास, राजस्व, उद्यान, अवैध निर्माण, दाखिल-खारिज, पेंशन, पेयजल, विद्युत, आवास एवं आर्थिक सहायता से संबंधित 27 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। डीएम ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध एवं संतोषजनक राहत मिलनी चाहिए।
आगामी निर्वाचन की तैयारियों को लेकर डीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएं (एएमएफ) समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा दिव्यांग मतदाताओं की पहचान कर उनके लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
जनता मिलन में बौराड़ी निवासी तौफीक अहमद ने टिहरी बांध से प्रभावित परिवारों के स्थायी व्यवस्थापन, भेंतुला निवासी सूर्य प्रकाश ने पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत राजमिस्त्री किट, नेल्डा निवासी सुरेंद्र सिंह रावत ने पीएम आवास एवं सड़क से झाड़ियां हटाने तथा बुरंट के ग्रामीणों ने 1.5 किमी सड़क निर्माण और उसका नाम उत्तराखंड आंदोलनकारियों एवं पूर्व सैनिकों के नाम पर रखने की मांग उठाई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, एसडीएम अजयवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




