कार्मिकों को पोस्टल बैलेट गणना की विस्तृत जानकारी दी

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

पौड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 विजय कुमार जोगदण्डे के दिशा-निर्देशन पर आज प्रेक्षागृह पौड़ी में पोस्टल बैलेट की गणना हेतु कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यशाला में नोडल अधिकारी अमरेंद्र सिंह चौधरी ने वहां उपस्थित कार्मिकों को पोस्टल बैलेट गणना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होने कहा कि कार्यशाला में जो निर्देश दिये गये हैं, उसी के आधार पर कार्य करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर 422 आब्जर्वर तथा एआरओ उपस्थित थे।
नोडल अधिकारी ने आगामी 10 मार्च, 2022 को जनपद के समस्त विधानसभाओं की मतगणना हेतु पोस्टल बैलेट की जानकारी संबंधित कार्मिको से साझा की। उन्होंने कार्यशाला में उपस्थित कार्मिको को निर्देशित किया कि पोस्टल बैलेट प्राप्त होने पर उसकी भली-भांती जांच कर तथा उसी के बाद उसे खोलना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पोस्टल बैलेट पर मतदाता द्वारा हस्ताक्षर या गलत चिन्ह लगाया गया है तो वह पोस्टल बैलेट निरस्त किया जाएगा। कहा कि मतदाता द्वारा पोस्टल बैलेट पर सही प्रक्रिया किये जाने पर ही उसकी गणना की जाएगी। साथ ही उन्होंने पोस्टल बैलेट की गणना हेतु नियुक्त किये गये आब्जर्वर तथा एआरओ को निर्देशित किया कि पोस्टल बैलेट की गणना के समय उसकी गोपनीयता बनाये रखें। कहा कि कार्यशाला में जो भी निर्देश दिये गये हैं उसका पालन करते हुये गंभीरता से कार्य करना सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन विधानसभाओं हेतु आब्जर्वर व एआरओ नियुक्त हुये हैं वह उसी विधानसभा मतगणना कक्ष में समय से उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

Share This Article
error: Content is protected !!