चंपावत उपचुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर

Garhninad Desk
2 Min Read
खबर को सुनें

नई टिहरी। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में 2022 का विधान सभा चुनाव लड़ा गया। भाजपा ने उत्तराखंड में दोबारा सत्ता हासिल की। लेकिन मुख्यमंत्री स्वयं अपनी सीट बचाने में नाकाम रहे, वह खटीमा से हार गए।

भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने फिर से भरोसा करते हुए धामी को दोबारा मुख्यमंत्री बना दिया। अब उन्हें  6 माह के भीतर विधायक बनना जरूरी है। इसके लिए पार्टी संगठन लगातार बैठकें कर रहा है। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, चंपावत उपचुनाव  में काफी अच्छे मार्जिन से विजयी हों इसके लिए पार्टी स्तर से तैयारियां की जा रहीं हैं । चंपावत में होने वाले उपचुनाव के लिए टीम की घोषणा कर दी गई है, ताकि बड़े मार्जिन से इस उपचुनाव को जीता जा सके। 

इधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उपचुनाव के लिए सभी राजनीतिक योजना और संरचना तैयार हो चुकी है और उपचुनाव के लिए टीम की घोषणा भी कर दी गई है। 

उन्होंने कहा कि चंपावत में होने वाले उपचुनाव के लिए सह प्रदेश प्रभारी रेखा वर्मा को पालक प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही, प्रदेश महामंत्री संगठन को मार्गदर्शक, कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास को प्रभारी मंत्री, कैलाश शर्मा को प्रभारी, दीप्ति रावत को सह प्रभारी, कैलाश गहतोड़ी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब देखना होगा कि चंपावत से मुख्यमंत्री कितने मार्जिन से चुनाव जीत पाते हैं।

इधर कांग्रेस भी व्यूह रचना में जुट गई है। नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी चंपावत उपचुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि हम खटीमा दोहराएंगे। चम्पावत उपचुनाव में सीएम पुष्कर सिंह धामी को हराने और 2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए जमीन तैयार करने का काम यूथ कांग्रेस करेगी। इसके लिए प्रदेशभर में ‘यंग इंडिया के बोल’ कार्यक्रम चलाया जाएगा । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने यूथ कांग्रेस के यंग इंडिया के बोल कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया था।

Share This Article
error: Content is protected !!