घास लेने गई महिला को बाघ ने किया घायल

Garhninad Desk
1 Min Read
खबर को सुनें

पौड़ी 12 मई 2024। यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम गैंड में खेत में घास लेने गई महिला पर बाघ द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बाघ के हमले में बुरी तरह जख्मी हुई महिला को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम गैंड निवासी रीता (42) पत्नी योगेश्वर प्रसाद आज सुबह घर के समीप खेत में मवेशियों के लिए घास लेने गई थी। बताया जा रहा है कि जंगल से सटे खेत में महिला चारा पत्ती तोड़ रही थी, इसी बीच घात लगाए बाघ ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह से घायल हो गई। उनके सिर, पेट और हाथ में गहरे जख्म हैं। महिला की चीख-पुकार सुनकर जैसे ही लोग खेत की ओर दौड़े बाघ जंगल की ओर भाग निकला।

घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। जख्मी हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बहरहाल बाघ के हमले की खबर से गांव में दहशत का माहौल है।

Share This Article
error: Content is protected !!