Ad image

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड विद्युत मंत्रालय की राजभाषा ज्योति शील्ड से पुरस्कृत

Garhninad Desk
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

ऋषिकेश, 19 जून 2025 । टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा ‘राजभाषा ज्योति शील्ड’ से सम्मानित होने का गौरव प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार विद्युत मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक में माननीय केंद्रीय विद्युत, आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री राजीव विश्नोई और निदेशक (कार्मिक) श्री शैलेंद्र सिंह को प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विद्युत राज्य मंत्री श्री श्रीपाद नाईक, सचिव (विद्युत) श्री पंकज अग्रवाल (आईएएस), मुख्य अभियंता (प्रभारी राजभाषा) श्री धीरज कुमार श्रीवास्तव, विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों और सार्वजनिक उपक्रमों के प्रमुख, हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

श्री राजीव विश्नोई ने इस उपलब्धि पर टीएचडीसी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा, “निरंतर प्रयास और समर्पण किसी भी क्षेत्र में सफलता का आधार है। टीएचडीसी न केवल अपने व्यावसायिक लक्ष्यों को तेजी से प्राप्त कर रहा है, बल्कि संवैधानिक और सांविधिक दायित्वों का भी पूर्ण निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहा है।

“श्री शैलेंद्र सिंह ने बताया कि यह पुरस्कार वर्ष 2023-24 में राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए प्रदान किया गया। विद्युत मंत्रालय के अधीन सभी संस्थानों की प्रविष्टियों में टीएचडीसी ने सर्वोच्च अंक हासिल कर यह शील्ड अपने नाम की। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इसी अवधि के लिए टीएचडीसी को 14 सितंबर 2024 को गृह मंत्रालय द्वारा ‘प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ और 29 जनवरी 2025 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), हरिद्वार द्वारा ‘राजभाषा वैजयंती प्रथम पुरस्कार’ से भी नवाजा गया था।

इस बैठक में विद्युत मंत्रालय के अधीन कार्यालयों और उपक्रमों की राजभाषा गृह पत्रिकाओं का विमोचन भी किया गया। इस दौरान टीएचडीसी की राजभाषा पत्रिका ‘पहल’ के 35वें अंक का लोकार्पण हुआ, जिसे उपस्थित गणमान्यों ने सराहा।

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की यह उपलब्धि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यान्वयन में इसके समर्पण को दर्शाती है।


Please click to share News
Share This Article
error: Content is protected !!