व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेगा संगठन : नवीन वर्मा

हरिद्वार/टिहरी। रुड़की में सम्पन्न हुई प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रदेश कार्यसमिति व आमसभा
रुड़की में प्रान्तीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक एवं आमसभा का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन के संविधान में संशोधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक का शुभारंभ मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक ईश वंदना से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रुड़की जिला अध्यक्ष श्री सौरभ भूषण ने की, जबकि संचालन प्रदेश महामंत्री श्री प्रकाश चन्द्र मिश्रा एवं जिला महामंत्री श्री विभोर अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री नवीन वर्मा ने कहा कि व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए संगठन हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारियों के बीच पारस्परिक संवाद निरंतर और प्रभावी होना चाहिए। प्रत्येक पदाधिकारी को प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट संगठनात्मक संवाद के लिए निर्धारित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाया जाएगा तथा सक्रिय व्यापारियों से संगठन में भरपूर सहयोग लिया जाएगा। साथ ही संगठन में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रदेश महामंत्री श्री प्रकाश चन्द्र मिश्रा ने कहा कि बैठक में प्रस्तुत सभी मांग-पत्रों का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों से आवश्यक पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि व्यापारियों और प्रशासन के बीच संवाद को सुदृढ़ करने के लिए ‘व्यापार मित्र’ व्यवस्था के पुनर्गठन की पहल की जाएगी तथा शासन स्तर की सभी समस्याओं को राज्य के मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के संज्ञान में लाया जाएगा।
बैठक में उपस्थित प्रदेश पदाधिकारियों, 20 जिलाध्यक्षों, जिला महामंत्रियों एवं नगर इकाइयों के अध्यक्षों ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया तथा उनके समाधान हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करने का आग्रह प्रदेश नेतृत्व से किया।
इस अवसर पर संगठन के संस्थापक एवं वरिष्ठतम पदाधिकारियों श्री एन.सी. तिवारी, श्री किशन चन्द गुरानी, श्री प्रमोद जौहर एवं श्री सुभाष कोहली को ‘संगठन सारथी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। वहीं ख्यातिप्राप्त ज्योतिषाचार्य श्री रमेश चन्द्र सेमवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को ‘भामाशाह सम्मान’ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन की सफलता के लिए रुड़की जिला इकाई को धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर सम्मानित किया गया।
बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री प्रमोद गोयल, गढ़वाल मंडल प्रभारी श्री सुरेश बिष्ट, कुमाऊं मंडल प्रभारी श्री अश्विन छाबड़ा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश अरोड़ा एवं श्री सुभाष कोहली, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राकेश कुमार डिमरी, श्री माधव सेमवाल, श्री दिनेश डोभाल, श्री अशोक छाबड़ा, श्री कृष्ण कुमार सिंघल, श्री मनोज अरोड़ा, श्री पवन जोशी, श्री उपेन्द्र असवाल, श्री चन्द्रशेखर पंत, श्री महेश जोशी, प्रदेश संयुक्त महामंत्री श्री अब्दुल अतीक, प्रदेश मंत्री श्री विजय शर्मा, श्री संजय गर्ग, श्री राजन सेठ, श्री श्रवण जैन, श्री राकेश अग्रवाल, श्री दिगपाल नेगी सहित संगठन चुनाव समन्वयक श्री रावेल सिंह तथा प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, नगर इकाइयों के अध्यक्ष-महामंत्री एवं महिला इकाई की पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।



