गंगा घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ का हुआ शुभारंभ

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

डीएम नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में जानकी सेतु क्षेत्र में सफाई व सौंदर्यीक

बच्चों की चित्रकारी और पुराने दीपकों से सजा गंगा आरती घाट

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल अंतर्गत तहसील नरेंद्रनगर के मुनि की रेती स्थित जानकी सेतु के समीप गंगा आरती घाट पर सोमवार को व्यापक स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं नगर पालिका परिषद मुनि की रेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान घाट परिसर में फैले कूड़े-कचरे का संग्रह कर उसका विधिवत निस्तारण किया गया तथा झाड़ियों की कटाई कर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाया गया। अधिकारियों ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों का निरीक्षण किया और स्वच्छता कर्मियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा ‘वार्ड सेग्रिगेशन लीग’ नामक अभिनव अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथकीकरण को लेकर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।
स्वच्छता अभियान के उपरांत श्री पूर्णानंद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा गंगा आरती घाट के आसपास पत्थरों पर आकर्षक चित्रकारी कर स्थल का सौंदर्यीकरण किया गया। साथ ही सफाई के दौरान प्राप्त पुराने दीपकों का पुनः उपयोग कर घाट को सजाया गया, जिससे ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल’ की भावना को साकार किया गया।
इसी क्रम में नगर पालिका सभागार, मुनि की रेती में आयोजित कराटे प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले देहरादून, टिहरी एवं पौड़ी जनपदों के बच्चों को उनके प्रदर्शन के आधार पर ग्रीन, येलो एवं ब्राउन बेल्ट के प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सभासद विनोद खंडूरी, बृजेश गिरी, स्वाति पोखरियाल, लक्ष्मण भंडारी, उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंकिता जोशी, सफाई निरीक्षक कमल चौहान सहित नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!