टिहरी गढ़वाल, 10 अप्रैल 2026। चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद टिहरी गढ़वाल में संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास के दौरान अतिवृष्टि से भूस्खलन, भू-धंसाव, बस दुर्घटना तथा बांध में रिसाव जैसी चार आपातकालीन स्थितियों का अनुकरण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सुबह 9 बजे इंडियन रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के तहत जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र से अलर्ट जारी किया। इसके बाद एसडीआरएफ, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व व अन्य विभागों की टीमें सक्रिय होकर राहत-बचाव कार्यों में जुट गईं।
स्यांसू के पास लैंडस्लाइड की स्थिति में दोनों ओर वाहन फंसने पर रूट डायवर्ट किया गया तथा घायलों को 108 सेवा से सीएचसी छाम व एपीएचसी कांडीखाल भेजा गया। चंबा-मसूरी मार्ग पर क्लासिक होटल के समीप भूस्खलन में तीन भैंसों की मृत्यु व दो घायल होने की स्थिति का अभ्यास किया गया, जिनका पशु चिकित्सा टीम ने उपचार किया।
तोता घाटी क्षेत्र में मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध होने और टेम्पो ट्रैवलर पर बोल्डर गिरने की घटना का भी अनुकरण किया गया, जिसमें घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एक व्यक्ति को 108 के माध्यम से सीएचसी देवप्रयाग भेजा गया। कीर्तिनगर पुल पर ट्रैफिक जाम में फंसे यात्रियों को राहत सामग्री उपलब्ध कराते हुए यातायात सुचारु कराया गया।
साथ ही टीएचडीसी द्वारा टिहरी झील से अतिरिक्त जल छोड़े जाने की स्थिति में देवप्रयाग, तपोवन और मुनिकीरेती क्षेत्रों में अलर्ट जारी करने का अभ्यास भी किया गया। मॉक ड्रिल में प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों ने भाग लेकर आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखा।
चारधाम यात्रा से पहले टिहरी में मॉक ड्रिल, भूस्खलन-बस हादसे समेत चार आपदा परिदृश्यों का अभ्यास

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



