टिहरी गढ़वाल । उत्तराखंड में बाघ एवं अन्य जंगली जानवरों के लगातार बढ़ते हमलों से बचाव के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमराड़ा देवी, भरपूर देवप्रयाग की छात्रा इशिका रावत ने एक अभिनव डिवाइस तैयार की है। यह डिवाइस अल्ट्रासोनिक ध्वनि तरंगों के माध्यम से जंगली जानवरों को दूर भगाने में सहायक होगी।
इस नवाचारी मॉडल का निर्माण छात्रा ने विज्ञान अध्यापिका श्रीमती अंकिता सती के मार्गदर्शन में किया। इशिका रावत के इस अभिनव आइडिया का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक योजना की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं से नवाचारी विचार आमंत्रित किए जाते हैं। पूरे देश से प्राप्त प्रस्तावों में से पहले एक लाख आइडिया चयनित किए जाते हैं, जिसके बाद जनपद, राज्य और अंततः राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 17 अप्रैल को डॉल्फिन पीजी इंस्टीट्यूट, देहरादून में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न जनपदों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को साकुरा साइंस एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत जापान जाने का अवसर भी प्राप्त होता है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए शिक्षक चक्रधर प्रसाद भद्री ने मीडिया को बताया कि टिहरी जनपद से साइंस कोऑर्डिनेटर गैरोला जी के नेतृत्व में छात्रा ने प्रतिभाग किया। जनपद के डीईओ माध्यमिक बी.पी. सिंह, बीईओ देवप्रयाग तथा सभी शिक्षकों ने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




