टिहरी गढ़वाल । हिमालय-गंगा बचाओ अभियान के संयोजक एवं विधायक किशोर उपाध्याय ने राधा स्वामी सत्संग, व्यास के प्रमुख बाबा गुरिन्दर सिंह जी महाराज से भेंट कर अभियान को सफल बनाने के लिए उनका समर्थन और आशीर्वाद प्रदान करने का आग्रह किया।
उपाध्याय ने कहा कि हिमालय और उससे निकलने वाली नदियां आज गंभीर संकट के दौर से गुजर रही हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार वर्ष 2050 तक हिमालय में बर्फ और हिमनदों का अस्तित्व काफी हद तक समाप्त हो सकता है, जिससे गंगा, यमुना सहित अनेक नदियों के जलस्तर पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस संकट की चपेट में ब्यास नदी भी शामिल है, जो मिशन के मुख्यालय की आस्था से जुड़ी हुई है।उन्होंने कहा कि राधा स्वामी सत्संग मिशन एक वैश्विक स्तर पर प्रभावशाली संस्था है, जिसकी प्रेरणा से समाज में बड़े बदलाव संभव हैं। यदि इस अभियान को मिशन का मार्गदर्शन और समर्थन मिलता है, तो हिमालय और नदियों को बचाने की दिशा में एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है।
उपाध्याय ने आगे कहा कि हिमालय और उसकी नदियों पर मंडरा रहा संकट केवल क्षेत्रीय नहीं, बल्कि वैश्विक चिंता का विषय है। यह पूरी तरह मानव जनित समस्या है, जिसका समाधान भी मानव समाज की सामूहिक जिम्मेदारी से ही संभव है। उन्होंने बाबा गुरिन्दर सिंह जी से अपील की कि वे हिमालय-गंगा बचाओ अभियान को अपना सक्रिय आशीर्वाद प्रदान करें और अपने अनुयायियों को भी इस पुनीत कार्य में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।




