Ad image

खेल जीवन का महत्वपूर्ण आधार है : राकेश राणा

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

फर्स्ट टिहरी कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग (TCPL) का भव्य समापन, आर डी टाइगर बनी चैंपियन

टिहरी गढ़वाल । जिला मुख्यालय स्थित बोराड़ी स्टेडियम में आयोजित फर्स्ट टिहरी कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग (TCPL) का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हुआ। फाइनल मैच आर डी टाइगर और सोलर सॉलिटेयर के बीच खेला गया, जिसमें आर डी टाइगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 रनों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आर डी टाइगर ने निर्धारित ओवरों में 153 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से रॉबिन ने 39 रन, कुलदीप पवार ने मात्र 10 गेंदों में विस्फोटक 26 रन तथा जयेंद्र पवार ने 16 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोलर सॉलिटेयर की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 127 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रोहित ने 50 रन, उदय ने 19 रन तथा विपिन ने 13 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस प्रकार आर डी टाइगर ने 26 रनों से शानदार जीत हासिल कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कुलदीप पवार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने ताबड़तोड़ 26 रन बनाने के साथ-साथ 3 महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टूर्नामेंट के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। मोनाल-11 के प्रशांत बिष्ट को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया, जबकि अनूप को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज तथा पॉलिटेक्निक किंग्स के रणवीर तोमर को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते हुए कहा कि “खेल जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच भी हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ना स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

विशिष्ट अतिथि पूर्व राज्य मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मुसर्रफ अली ने उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “खेल प्रतिभाएं राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देकर ही देश का भविष्य और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।”

कार्यक्रम के संरक्षक असद आलम ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, आयोजकों, दर्शकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्रिकेट प्रशंसक उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। फर्स्ट टिहरी कॉर्पोरेट प्रीमियर लीग (TCPL) का सफल आयोजन क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!