सेंदुल गांव में सामुदायिक वर्क शेड का शिलान्यास किया
टिहरी गढ़वाल, 8 जून। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को टिहरी जनपद के जौनपुर विकासखंड में जनपद स्तरीय “खेत बचाओ अभियान” का शुभारंभ करते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और मृदा संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी, सशक्त किसान और समृद्ध भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए धरती माता का संरक्षण आवश्यक है।
नैनबाग के पंतवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने पॉवर वीडर से खेत की जुताई कर किसानों के साथ खेती-बागवानी पर चर्चा की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों की मांग पर उन्होंने खेतों तक पहुंच के लिए लगभग 1.5 से 2 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने मिलेट मिशन से जुड़ने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उत्पादों की बिक्री के लिए किसानों को प्रेरित किया।

इसके बाद मंत्री गणेश जोशी जौनपुर क्षेत्र के सेन्दूल गांव पहुंचे, जहां उन्होंने नाग देवता मंदिर स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के साथ सामुदायिक वर्क शेड का शिलान्यास किया। इस अवसर पर ग्रामीणों की मांग पर जौनपुर क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज निर्माण की घोषणा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य की सभी न्याय पंचायतों में “खेत बचाओ अभियान” चलाया जा रहा है और किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक पद्धतियों तथा उर्वरकों के संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, विधायक धनौल्टी प्रीतम सिंह पंवार, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, कृषि विज्ञान केंद्र रानीचौरी के वैज्ञानिक डॉ. आलोक येवले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कृषि एवं अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।




