Ad image

जौनसार-बावर महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी की बड़ी घोषणाएं, क्षेत्रीय विकास के लिए कई योजनाओं को मिली मंजूरी

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

देहरादून, 8 जून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री केदार सिंह स्टेडियम, नागथात में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान जौनसार-बावर क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें समरजेंस मोटर मार्ग का चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करना, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल का निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नई पेयजल योजनाएं तथा क्षेत्रीय संपर्क मार्गों के निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने श्री महासू देवता को नमन करते हुए कहा कि जौनसार-बावर अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और स्वाभिमानी जनता के लिए पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि यहां की संस्कृति, लोकगीत, हारूल और रासो जैसी परंपराएं उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की धरोहर हैं। उन्होंने जौनसार-बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति द्वारा पिछले 33 वर्षों से सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं से जनजातीय समुदायों को व्यापक लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही जनजातीय छात्रों को प्राथमिक से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति और आश्रम पद्धति विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पेयजल और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तथा जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड भी स्थापित किया गया है।
उन्होंने कहा कि चकराता क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत 56 योजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं और शेष योजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। क्षेत्र में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं संचालित हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 707 एवं 707ए के चौड़ीकरण कार्य के साथ-साथ न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। वहीं, श्री महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत वाली मास्टर प्लान परियोजना भी प्रगति पर है।
कार्यक्रम में विधायक Munna Singh Chauhan, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, दायित्वधारी गीता राम गौड़, मेला समिति अध्यक्ष नरेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!