टिहरी गढ़वाल 16 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर टिहरी डैम वन प्रभाग (प्रथम), नई टिहरी के तत्वावधान में भोनाबागी टीसीआर परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हरेला के अवसर पर जनपदभर में चल रहा वृक्षारोपण अभियान आने वाले वर्षों में सकारात्मक परिणाम देगा। उन्होंने सभी से “हर गाँव का यही पैगाम – एक पेड़ माँ के नाम” के संकल्प के साथ कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने देवदार, अपर प्रमुख वन संरक्षक नरेश कुमार ने अंगा, दर्जाधारी राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने चसनेट, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने बांज, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने बुरांश तथा नगर पालिका चम्बा की अध्यक्ष शोभनी धनोला, नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण ने बांज के पौधे रोपे।
इस अवसर पर बीकेटीसी सदस्य दिनेश डोभाल, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुशील बहुगुणा, डीएफओ पुनीत तोमर, डीएफओ टिहरी डैम संदीपा शर्मा, अधीक्षण अभियंता के.एस. रावत, आईटीबीपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।




