ऋषिकेश, 20 जुलाई 2026। गंगा नदी के तेज बहाव में बहकर बीच धारा के टापू पर दलदल में फंसे एक व्यक्ति को सोमवार को SDRF, जल पुलिस और आपदा राहत दल की संयुक्त टीम ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल रेस्क्यू किया। समय रहते हुए इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
जिला कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि पशुलोक बैराज से पहले गंगा नदी के बीच बने टापू पर एक व्यक्ति फंसा हुआ है और हाथ हिलाकर मदद की गुहार लगा रहा है। सूचना मिलते ही त्रिवेणी घाट पर तैनात SDRF, जल पुलिस और आपदा राहत दल की संयुक्त टीम राफ्ट लेकर मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू टीम ने देखा कि व्यक्ति टापू के दलदली हिस्से में बुरी तरह फंसा हुआ था। अत्यंत सावधानी और सूझबूझ के साथ जवानों ने उसे दलदल से बाहर निकाला और राफ्ट के जरिए सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
पूछताछ में पता चला कि विनोद सिंह (50 वर्ष), पुत्र तेज बहादुर, निवासी शीशम झाड़ी, मुनि की रेती, परमार्थ निकेतन के पास भेलपुरी का ठेला लगाते हैं। उन्होंने बताया कि रामझूला क्षेत्र में पैर फिसलने से वे गंगा में गिर गए और तेज बहाव उन्हें बहाकर पशुलोक बैराज के पास बने टापू तक ले गया, जहां वे दलदल में फंस गए।
घटना के दौरान घाट पर मौजूद पर्यटकों ने उन्हें मदद के लिए इशारा करते देखा और तत्काल जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू के बाद विनोद सिंह को आवश्यक कार्रवाई के लिए AIIMS चौकी पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां से प्राथमिक उपचार हेतु सरकारी अस्पताल भेजा गया।
एक बार फिर SDRF, जल पुलिस और आपदा राहत दल की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई ने संकट में फंसे व्यक्ति को नया जीवन दिया।
गंगा के तेज बहाव में बहा भेलपुरी विक्रेता, टापू पर दलदल में फंसा; SDRF ने देवदूत बनकर बचाई जान

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



