Ad image

टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर घमासान : कांग्रेस का भाजपा पर बड़ा हमला, फिफल्टी में निर्माण की घोषणा पर उठाए गंभीर सवाल

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 27 जुलाई। टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को इनिया के बजाय फिफल्टी में स्थापित किए जाने की घोषणा के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को हनुमान चौक स्थित चौहान वेंडिंग प्वाइंट पर आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा वर्षों से मेडिकल कॉलेज के नाम पर टिहरी की जनता को गुमराह करती रही है।

नेताओं ने सरकार से मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) की मंजूरी, भूमि चयन और अधिग्रहण से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की।
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज की अवधारणा सबसे पहले 11 मई 2011 को जिला कांग्रेस कमेटी ने रखी थी। इसके बाद वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इसे अपने घोषणा पत्र में शामिल किया और नई टिहरी की जनसभा में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने टिहरी में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का सार्वजनिक वादा किया था। किन्तु उसके बाद सरकार की अस्थिरता/फेर बदल तथा केदारनाथ आपदा के कारण सारा गड़बड़ हो गया। कहा कि वर्ष 2017 से भाजपा की डबल इंजन सरकार होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज का सपना अब तक पूरा नहीं हो पाया।
भट्ट ने दावा किया कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त दस्तावेजों से स्पष्ट है कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज को अब तक विधिवत स्वीकृति नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की वर्ष 2023 की घोषणा में मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव था, लेकिन अगस्त 2024 में उसमें संशोधन कर बौराडी में 200 बेड का ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का निर्णय ले लिया गया। उनका आरोप था कि भाजपा अब मेडिकल कॉलेज की मूल योजना का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि धरातल पर स्थिति अलग है।
प्रेस वार्ता में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा और पूर्व प्रमुख विजय गुनसोला ने स्थानीय विधायक और राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज वास्तव में स्वीकृत हो चुका है तो सरकार तीन दिन के भीतर शासनादेश, एनएमसी की मंजूरी और भूमि चयन से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करे। उन्होंने सवाल उठाया कि इनिया के बजाय फिफल्टी का चयन किन आधारों पर किया गया और प्रस्तावित भूमि एनएमसी के मानकों पर खरी उतरती है या नहीं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने कहा कि यदि 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो टिहरी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण ऐसी जगह किया जाएगा, जहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने नयी टिहरी, कोटी कॉलोनी तथा उसके आसपास के क्षेत्र को मेडिकल कॉलेज के लिए अधिक उपयुक्त बताते हुए कहा कि यहां स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थान विकसित करने की बेहतर संभावनाएं हैं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार मेडिकल कॉलेज से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक नहीं करती है तो पार्टी इस मुद्दे को जन आंदोलन का रूप देगी। नेताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज टिहरी की जनता के भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा विषय है, इसलिए सरकार को पूरी पारदर्शिता के साथ वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, सूरज राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती आशा रावत, प्रदेश महामंत्री दर्शनी रावत, कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ़ अली, मुर्तजा बेग, शांति शाह, शक्ति जोशी, कनकपाल सिंह, मनीष पंत, घनश्याम पंवार सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ नेता स्व हीरासिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि अर्पित की।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!