मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण, दो दुकानों में मिली अनियमितता; तीन दिन दवा बिक्री पर रोक

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 1 अगस्त। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिन शर्मा के आदेश पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और औषधि नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने बीपुरम एवं जाखणीधार बाजार क्षेत्र में विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।
सिविल जज (सीडी)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों के औषधि लाइसेंस, दवाओं के रख-रखाव एवं भंडारण व्यवस्था, एक्सपायरी दवाओं, खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख, बिल जारी करने की व्यवस्था तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत निर्धारित मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीन दिनों के लिए दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई। संबंधित संचालकों को कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
टीम ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देशित किया कि वे केवल वैध एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं का ही विक्रय करें। एक्सपायरी दवाओं को बिक्री योग्य दवाओं से अलग सुरक्षित रखा जाए तथा प्रत्येक दवा बिक्री पर ग्राहक को बिल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही दवाओं के उचित रख-रखाव और खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेखों का नियमित रूप से संधारण करने के निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों की रक्षा करना प्राथमिकता है। भविष्य में भी मेडिकल स्टोरों के संयुक्त निरीक्षण के साथ ही उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान जारी रखे जाएंगे।
निरीक्षण टीम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दयाराम के साथ वरिष्ठ औषधि निरीक्षक चंद्रप्रकाश नेगी, औषधि निरीक्षक ऋषव धामा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र शामिल रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!